योगाभ्यास में कपालभाति प्राणायाम एक अत्यंत महत्वपूर्ण शुद्धि क्रिया मानी जाती है। पारंपरिक हठयोग ग्रंथ हठयोग प्रदीपिका में वर्णित षट्कर्म (छः शुद्धि क्रियाएं) में कपालभाति का विशेष स्थान है। यद्यपि यह मूलतः एक शुद्धि क्रिया है, फिर भी प्राणायाम अभ्यास में इसे अत्यंत लाभकारी माना जाता है। यह अभ्यास श्वसन तंत्र, मस्तिष्क और प्राण शक्ति को सक्रिय करने वाला है।
लेख में आगे जानेंगे — कपालभाति क्या है? इसकी सही विधि क्या है? इसके लाभ और सावधानियां क्या हैं? तथा किन लोगों को यह अभ्यास नहीं करना चाहिए?
👉 इस विषय को अंग्रेज़ी में पढ़ें: How to Do Kapalbhati Pranayama?
विषय सूची (Table of Contents)
- अभ्यास की तैयारी
- अभ्यास की प्रक्रिया
3. कपालभाति के लाभ
- शारीरिक लाभ
- आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से लाभ
कपालभाति दो शब्दों से मिलकर बना है — कपाल (शीर्ष/खोपड़ी) और भाति (शुद्ध करना)।
यह योग की एक शुद्धि क्रिया है, जो मस्तिष्क और श्वसन तंत्र पर गहरा प्रभाव डालती है। कुछ विद्वान इसे शुद्धि क्रिया के साथ-साथ प्राणायाम भी मानते हैं।
👉 इस विषय पर विस्तार से पढ़ें: कपालभाति प्राणायाम या शुद्धि क्रिया?
कपालभाति प्राणायाम की सही विधि
योगाभ्यास में आसन के बाद प्राणायाम करना श्रेष्ठ माना गया है। कपालभाति की विधि इस प्रकार है:
अभ्यास की तैयारी
- दरी या चटाई पर पद्मासन या सुखासन में बैठें
- आँखें कोमलता से बंद रखें
- दोनों हथेलियाँ घुटनों पर रखें
- रीढ़ और गर्दन सीधी रखें
अभ्यास की प्रक्रिया
- गहरी श्वास लें
- मूलबंध लगाएं (मलद्वार पर हल्का दबाव बनाकर ऊपर की ओर खिंचाव)
- दोनों नासिकाओं से बलपूर्वक श्वास बाहर फेंकें
- श्वास लेना सामान्य रखें
- श्वास छोड़ते समय पेट को भीतर की ओर खींचें
- सामर्थ्य अनुसार पंपिंग करते हुए श्वास बाहर छोड़ते रहें
- अंत में श्वास बाहर छोड़कर कुछ क्षण रुकें
- अभ्यास पूरा करने के बाद श्वास को सामान्य करें
यह एक आवृत्ति (राउंड) पूरी हुई। इसी प्रकार अपनी क्षमता अनुसार अन्य आवृत्तियाँ करें।
कपालभाति के लाभ
कपालभाति का मुख्य प्रभाव कपाल भाग और श्वसन तंत्र पर पड़ता है। इसके लाभ इस प्रकार हैं:
शारीरिक लाभ
- कपाल भाग का शुद्धिकरण
- मस्तिष्क की सक्रियता में वृद्धि
- श्वसन तंत्र को सुदृढ़ बनाता है
- फेफड़ों (Lungs) को सक्रिय करता है
- शरीर में ऑक्सीजन की पूर्ति बढ़ाता है
- रक्तचाप (BP) संतुलित रखने में सहायक
- हृदय स्वास्थ्य में सहायक
- इम्युनिटी में वृद्धि
- पाचन क्रिया को सशक्त बनाता है
आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से लाभ
- कफ, वात और पित्त (त्रिदोष) संतुलित रखने में सहायक
- प्राण शक्ति को ऊर्ध्वगामी करता है
कपालभाति में सावधानियां
यह ऊर्जादायक अभ्यास है, लेकिन सावधानी आवश्यक है।
अभ्यास करते समय ध्यान रखें
- रीढ़ और गर्दन सीधी रखें
- झुककर अभ्यास न करें
- यदि जमीन पर बैठना संभव न हो तो कुर्सी पर सीधा बैठकर करें
- अभ्यास की शुरुआत धीमी गति से करें
- धीरे-धीरे गति बढ़ाएं
- अंत में गति धीमी कर श्वास सामान्य करें
- एक आवृत्ति के बाद श्वास सामान्य अवश्य करें
- अभ्यास के बाद कुछ समय विश्राम करें।
यह अभ्यास किन्हें नहीं करना चाहिए?
यह एक लाभकारी अभ्यास है, लेकिन यह अभ्यास कुछ व्यक्तियों के लिए वर्जित है। इसलिए इन व्यक्तियों को यह अभ्यास नहीं करना चाहिए।
वर्जित या सावधानी वाले व्यक्ति
- अस्थमा या गंभीर श्वास रोगी (बिना विशेषज्ञ मार्गदर्शन न करें)
- हृदय रोगी
- उच्च रक्तचाप वाले व्यक्ति (तेज गति से न करें)
- गर्भवती महिलाएं (पूर्ण अवस्था में न करें)
- अल्सर या आंत रोगी
- पेट की सर्जरी के बाद
⚠️ कपालभाति के बाद अनुलोम विलोम अवश्य करें। यह कपालभाति से प्राप्त होने वाली ऊर्जा को संतुलित करता है।
सारांश
कपालभाति प्राणायाम योग की महत्वपूर्ण शुद्धि क्रिया है। यह मस्तिष्क, श्वसन तंत्र और प्राण शक्ति को सक्रिय करता है। उचित विधि और सावधानी के साथ इसका अभ्यास अत्यंत लाभकारी है।
FAQ – अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
Q1. क्या कपालभाति एक प्राणायाम है?
कपालभाति मूलतः षट्कर्म की एक शुद्धि क्रिया है, लेकिन इसका अभ्यास प्राणायाम में भी किया जाता है।
Q2. कपालभाति कितनी देर करना चाहिए?
शुरुआत में 1–2 मिनट तक अभ्यास करना चाहिए। धीरे-धीरे क्षमता अनुसार बढ़ाया जा सकता है।
Q3. क्या कपालभाति से वजन कम होता है?
यह पाचन और मेटाबॉलिज्म सुधारने में सहायक होता है, जिससे वजन नियंत्रण में मदद मिलती है।
Q4. क्या हाई BP वाले व्यक्ति कपालभाति कर सकते हैं?
यह अभ्यास रक्तचाप (BP) को संतुलित करने में सहायक होता है, लेकिन हाई BP वाले व्यक्ति इस अभ्यास को धीमी गति से और विशेषज्ञ की सलाह से करें।
Q5. कपालभाति के बाद कौन सा प्राणायाम करना चाहिए?
कपालभाति के बाद अनुलोम विलोम प्राणायाम का अभ्यास करना चाहिए। यह कपालभाति के लाभ को बढ़ाने वाला अभ्यास है।
Disclaimer
यह लेख केवल शैक्षिक और सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। कपालभाति प्राणायाम का अभ्यास अपनी शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार करें। यदि आपको हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, अस्थमा, गर्भावस्था या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, तो किसी योग्य योग प्रशिक्षक या चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।
.jpg)