ad-1

Dosplay ad 11may

आधुनिक समय में हृदय रोग एक प्रमुख परेशानी बनता जा रहा है। यह परेशानी किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को हो सकती है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार "गलत खानपान" तथा "अनियमित जीवनशैली" इसका मुख्य कारण बनते हैं। असंतुलित रक्तचाप, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल (LDL) और मानसिक तनाव भी हृदय को प्रभावित करते हैं। इसके लिए चिकित्सक संतुलित आहार और नियमित योगाभ्यास की सलाह देते हैं।

योगाभ्यास में आसन और प्राणायाम दोनों लाभदायी होते हैं। हृदय रोग से बचाव के लिए प्राणायाम विशेष प्रभावी होता है, क्योंकि यह रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और श्वसन तंत्र को सीधे प्रभावित करता है। आगे लेख में बताया जाएगा कि कौन से प्राणायाम लाभदायी हैं, सही विधि क्या है और हृदय रोगी को किन प्राणायाम से बचना चाहिए।

हृदय रोग से बचाव के लिए प्राणायाम करती महिला
नियमित प्राणायाम अभ्यास हृदय को स्वस्थ और सुरक्षित रखने में सहायक है।

हृदय रोग में प्राणायाम का प्रभाव

चिकित्सकों के अनुसार असंतुलित रक्तचाप, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल तथा डायबिटीज हृदय रोग के मुख्य कारण बन सकते हैं। योगाभ्यास में प्राणायाम इन तीनों को संतुलित करने में सहायक होता है।

नियमित प्राणायाम रक्त-संचार को व्यवस्थित करता है, जिससे रक्तचाप सामान्य स्तर पर बना रहता है। इसलिए रक्तचाप नियंत्रण के लिए प्राणायाम का अभ्यास हृदय को स्वस्थ रखने में विशेष भूमिका निभाता है।

यह अभ्यास श्वसन तंत्र को सुदृढ़ करता है, फेफड़ों की क्षमता बढ़ाता है और शरीर में ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करता है — जिससे हृदय पर दबाव कम होता है। इसका नियमित अभ्यास मानसिक तनाव को भी कम करता है। मानसिक तनाव हृदय रोग के बढ़ने का एक प्रमुख कारण माना जाता है।

स्वस्थ व्यक्ति अपनी क्षमता अनुसार सभी प्राणायाम कर सकते हैं, लेकिन हृदय रोग से प्रभावित व्यक्ति को कुछ सावधानियों के साथ ही अभ्यास करना चाहिए। आगे लेख में इसका विस्तार से वर्णन किया जा रहा है।

प्राणायाम अभ्यास की सही विधि

प्राणायाम योग का एक महत्वपूर्ण श्वसन अभ्यास है। इसका आधार श्वास है, इसलिए यह अभ्यास अपनी श्वास-क्षमता अनुसार ही करना चाहिए।

एक स्वस्थ व्यक्ति को पहले योगासन करने चाहिए और उसके बाद प्राणायाम का अभ्यास करना चाहिए। योगाभ्यास का सही क्रम अपनाने से अभ्यास अधिक प्रभावी होता है। लेकिन हृदय रोगी कठिन आसनों का अभ्यास न करें — केवल सरल आसन करें।

विधि

  1. आसन का अभ्यास करने के बाद कुछ देर लेट कर विश्राम करें।
  2. विश्राम के बाद उठ कर बैठ जाएं और प्राणायाम का अभ्यास करें।
  3. प्राणायाम के लिए पद्मासन या सुखासन में बैठें।
  4. रीढ़ सीधी रखें, हाथों को घुटनों पर ज्ञान मुद्रा में रखें।
  5. आँखें कोमलता से बंद करें।

पहले लंबे-गहरे श्वास लें और छोड़ें, श्वास सामान्य होने के बाद ही नीचे बताए गए प्राणायाम करें।

हृदय के लिए लाभदायी प्राणायाम

हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभदायी प्राणायाम - कपालभाति, अनुलोम विलोम, नाड़ी शोधन और भस्त्रिका
हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी प्राणायाम और आवश्यक सावधानियाँ।

कपालभाति

  • यह अभ्यास मुख्यतः कपाल (शीर्ष) भाग को प्रभावित करता है।
  • कपाल-शुद्धि के साथ श्वसन तंत्र को भी सुदृढ़ करता है।
  • नियमित अभ्यास रक्तचाप को व्यवस्थित करता है।
  • लंग्स को सक्रिय रखता है और हृदय को स्वस्थ बनाता है।

सावधानी: एक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से कपालभाति का अभ्यास कर सकता है, लेकिन हृदय रोगी इसे धीमी गति, कम अवधि और चिकित्सक की सलाह से ही करें।

अनुलोम विलोम

  • कपालभाति के बाद अनुलोम विलोम का अभ्यास किया जाना चाहिए।
  • यह कपालभाति से प्राप्त ऊर्जा को संतुलित करता है।
  • यह दोनों नासिकाओं के माध्यम से श्वास का संतुलन बनाता है, जिससे रक्तचाप स्थिर रहता है और हृदय को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है।

विशेष: अनुलोम विलोम का अभ्यास बेहद सरल है, और यह हृदय रोगियों के लिए भी सबसे सुरक्षित प्राणायामों में से एक माना जाता है। कपालभाति के बाद इसका अभ्यास अवश्य करना चाहिए।

भस्त्रिका प्राणायाम (केवल स्वस्थ व्यक्ति के लिए)

  • यह अभ्यास श्वसन मार्ग की रुकावटों को दूर करता है।
  • फेफड़ों को सक्रिय रखता है और शरीर को ऊर्जावान बनाता है।
  • नियमित अभ्यास रक्तचाप को सामान्य रखने में सहायक होता है।

सावधानी: भस्त्रिका प्राणायाम केवल स्वस्थ व्यक्तियों के लिए उपयुक्त है — हृदय रोगी और श्वसन रोगी इसका अभ्यास न करें। यह अभ्यास शरद ऋतु में करना उत्तम रहता है; गर्मी के मौसम में इससे बचना चाहिए।

नाड़ी शोधन प्राणायाम

  • मुख्यतः यह नाड़ी शुद्धिकरण का प्रमुख प्राणायाम है।
  • नियमित अभ्यास श्वसन को सुदृढ़ करता है।
  • यह हृदय को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करता है।

सावधानी: इस अभ्यास में कुम्भक का प्रयोग किया जाता है, इसलिए गंभीर श्वास रोगी और हृदय रोगी इसे न करें। रोग की आरंभिक अवस्था में किसी योग प्रशिक्षक के निर्देशन में कम अवधि का अभ्यास किया जा सकता है।

प्राणायाम अभ्यास में सावधानियां

प्राणायाम का अभ्यास करते समय इन सावधानियों को ध्यान में रखें:

  • अपने शरीर की अवस्था के अनुसार अभ्यास करें।
  • एक प्राणायाम के बाद श्वासों को सामान्य करें, फिर अगला प्राणायाम करें।
  • कुम्भक का अभ्यास अपनी श्वास-क्षमता अनुसार ही करें; सुदृढ़ श्वसन वाले व्यक्ति ही इसे करें।
  • कमजोर श्वसन तथा हृदय रोगी केवल सरल प्राणायाम करें।
  • बलपूर्वक कोई अभ्यास न करें।

हृदय रोगी के लिए वर्जित प्राणायाम

प्राणायाम का पूर्ण अभ्यास स्वस्थ व्यक्तियों के लिए है। एक हृदय रोगी रोग की आरंभिक अवस्था में कुछ सरल प्राणायाम अपने चिकित्सक की सलाह से कर सकता है। लेकिन गंभीर हृदय रोगी के लिए ये प्राणायाम व क्रियाएं वर्जित मानी जाती हैं:

  • भस्त्रिका प्राणायाम — रक्तचाप बढ़ाने वाला अभ्यास होने के कारण हृदय रोगी इसे न करें।
  • सूर्यभेदी प्राणायाम — सूर्य नाड़ी को सक्रिय करने वाला यह अभ्यास रोग प्रभावित व्यक्ति के लिए वर्जित है।
  • कपालभाति (तीव्र गति) — तीव्र गति का अभ्यास वर्जित है; आरम्भिक अवस्था में धीमी गति से कम अवधि का अभ्यास किया जा सकता है।
  • कुम्भक प्राणायाम — श्वास रोकने की यह क्रिया केवल स्वस्थ व्यक्तियों के लिए है, हृदय रोगी के लिए हानिकारक हो सकती है।
  • शीतकारी प्राणायाम — निम्न रक्तचाप वाले व्यक्तियों के लिए उपयुक्त नहीं है, और सर्दी के मौसम में इसका अभ्यास नहीं करना चाहिए।
  • अग्निसार क्रिया — उच्च रक्तचाप, हर्निया या पेट की सर्जरी की स्थिति में इसका अभ्यास वर्जित है।

विशेष: रोग प्रभावित व्यक्ति को अपने चिकित्सक की सलाह के बिना कोई अभ्यास नहीं करना चाहिए। यदि कोई औषधि ले रहे हैं, तो उसका सेवन बंद न करें।

हृदय रोग की अवस्था (आरम्भिक या गम्भीर) के अनुसार आसन व प्राणायाम का पूरा विवरण हृदय रोगी के लिए योग आर्टिकल में दिया गया है — इसे अवश्य पढ़ें।

सारांश

नियमित प्राणायाम हृदय रोग से बचाव करने में सहायक होता है, क्योंकि यह रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और श्वसन तंत्र को संतुलित रखता है। लेकिन हृदय रोग से प्रभावित व्यक्ति को प्राणायाम का अभ्यास सावधानियों के साथ और चिकित्सक की सलाह से ही करना चाहिए।

FAQ

क्या प्राणायाम से हृदय रोग ठीक हो सकता है?

प्राणायाम हृदय रोग का उपचार नहीं है, परन्तु यह रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और तनाव को नियंत्रित कर हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक होता है।

हृदय रोगी कौन सा प्राणायाम न करें?

हृदय रोगी को भस्त्रिका, सूर्यभेदी, तीव्र गति का कपालभाति और कुम्भक प्राणायाम नहीं करना चाहिए।

हृदय के लिए सबसे सुरक्षित प्राणायाम कौन सा है?

अनुलोम विलोम को हृदय के लिए सबसे सुरक्षित और लाभदायी प्राणायाम माना जाता है, क्योंकि यह बिना किसी कुम्भक के सरलता से किया जा सकता है।

क्या कपालभाति हृदय रोगी के लिए सुरक्षित है?

हृदय रोग की आरम्भिक अवस्था में धीमी गति और कम अवधि का कपालभाति किया जा सकता है, लेकिन तीव्र गति का अभ्यास वर्जित है। गम्भीर रोगी इसे न करें।

प्राणायाम से रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल कैसे नियंत्रित होता है?

नियमित प्राणायाम रक्त-संचार को व्यवस्थित करता है, श्वसन तंत्र को सुदृढ़ करता है और मानसिक तनाव कम करता है — इन तीनों के संतुलन से रक्तचाप व कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रहते हैं।

Disclaimer: यह लेख चिकित्सा हेतु नहीं है। योग की सामान्य जानकारी देना इस लेख का उद्देश्य है। इस लेख में बताए गए अभ्यास केवल स्वस्थ व्यक्तियों के लिए हैं। रोग प्रभावित व्यक्ति चिकित्सा सहायता लें। चिकित्सक की सलाह के बिना कोई अभ्यास न करें।

Post a Comment